एक्सपायरी दवाइयों का जखीरा मिला, दो मेडिकल स्टोर सील
FDA और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की छापामार कार्रवाई, अछोटा चौक के दोनों प्रतिष्ठान तत्काल बंद
उत्तम साहू,धमतरी, 11 सितंबर। मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मेडिकल स्टोर्स पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अछोटा चौक स्थित मां अंगारमोती मेडिकल स्टोर और श्री साईं मेडिकल स्टोर में औचक जांच के दौरान बड़ी संख्या में एक्सपायरी डेट की दवाइयां मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद करा दिया गया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर राजस्व विभाग और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को दोनों मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक्सपायरी दवाइयों की मौजूदगी सामने आने पर अधिकारियों ने इसे गंभीर अनियमितता माना और दोनों दुकानों का संचालन तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।
टीम ने संबंधित संचालकों को विभागीय नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने तथा मिली अनियमितताओं में सुधार के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) मिलने तक दोनों मेडिकल स्टोर संचालित नहीं किए जा सकेंगे।
मरीजों की सेहत से खिलवाड़ पर सख्ती
औषधि विभाग के नियमों के अनुसार एक्सपायरी डेट की दवाइयों को बिक्री योग्य दवाओं से अलग रखकर सुरक्षित तरीके से संग्रहित और नियमानुसार निस्तारित किया जाना जरूरी है। ऐसी दवाइयों का बिक्री के लिए उपलब्ध रहना गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है।
जिला प्रशासन ने मेडिकल स्टोर्स में दवाओं के भंडारण और बिक्री व्यवस्था की जांच आगे भी जारी रखने के संकेत दिए हैं। जांच के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मेडिकल स्टोर संचालकों को एक्सपायरी दवाइयों को तत्काल अलग करने और औषधि भंडारण व बिक्री से जुड़े सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

