बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने धमतरी में एचपीवी टीकाकरण महाअभियान
जिले के स्कूलों में स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें सक्रिय, अभिभावकों से बेटियों को टीका लगवाने की अपील
उत्तम साहू,धमतरी, 7 सितंबर 2026। भारत शासन के निर्देशानुसार जिला धमतरी स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) की रोकथाम के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण महाअभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से पात्र आयु वर्ग की बालिकाओं को टीका लगाकर भविष्य में होने वाले संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर के जोखिम से सुरक्षा प्रदान करने की पहल की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले गंभीर कैंसर रोगों में शामिल है। समय रहते एचपीवी टीकाकरण कराने से इस बीमारी से बचाव के लिए शरीर में प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि यह टीका भविष्य में होने वाले संक्रमण के विरुद्ध सुरक्षा कवच के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के तहत विशेष रूप से 14 वर्ष पूर्ण एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की देखरेख में पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।
अभियान के अंतर्गत जिले के चारों विकासखंडों के विद्यालयों में स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें पहुंचकर टीकाकरण कर रही हैं। सोमवार को धमतरी विकासखंड के शासकीय स्कूल सोरम, शासकीय स्कूल छाती एवं निजी विद्यालय विद्याकुंज लोहरसी में कुल 14 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। वहीं शासकीय केंद्रीय विद्यालय मुजगहन में 7 बालिकाओं का सुरक्षित रूप से टीकाकरण किया गया।
टीकाकरण अभियान में अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आगामी दिनों में जिले के विभिन्न विद्यालयों में अभियान निरंतर जारी रहेगा।
सीएमएचओ डॉ. यू.एल. कौशिक ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का लाभ उठाएं तथा पात्र बालिकाओं को यह महत्वपूर्ण टीका अवश्य लगवाएं।


