कीटनाशक विक्रय में अनियमितता पर कृषि विभाग सख्त, तीन लाइसेंस पर कार्रवाई

0

 

कीटनाशक विक्रय में अनियमितता पर कृषि विभाग सख्त, तीन लाइसेंस पर कार्रवाई

दो विक्रय लाइसेंस निलंबित, एक निरस्त; एक प्रतिष्ठान में कीटनाशक बिक्री पर लगाया प्रतिबंध


उत्तम साहू,धमतरी, 9 सितंबर 2026। खरीफ सीजन में धान की फसल में कीट-व्याधियों के प्रकोप के बीच कीटनाशकों की बढ़ी मांग को देखते हुए कृषि विभाग ने जिले में कीटनाशक विक्रय केन्द्रों की जांच तेज कर दी है। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने और बिक्री में अनियमितता रोकने के उद्देश्य से विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

संचालक कृषि के निर्देशन एवं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में कीटनाशक निरीक्षकों द्वारा विक्रय केन्द्रों पर लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज, मूल्य सूची, स्टॉक, भंडारण व्यवस्था सहित निर्धारित मापदण्डों की जांच की जा रही है।

इसी क्रम में अनुविभागीय कृषि अधिकारी धमतरी एवं नोडल अधिकारी कीटनाशी गुण नियंत्रण, जिला धमतरी की अनुशंसा पर भटगांव स्थित मेसर्स गौरव कृषि केन्द्र और मेसर्स साहू कृषि केन्द्र के कीटनाशक विक्रय लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में आवश्यक दस्तावेजों का समुचित संधारण नहीं करने तथा निर्धारित मापदण्ड के अनुसार मूल्य सूची एवं स्टॉक का प्रदर्शन नहीं किए जाने की अनियमितता सामने आई।

वहीं मेसर्स गायत्री कृषि केन्द्र, भटगांव द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप कीटनाशक व्यवसाय का संचालन नहीं किए जाने पर उसका विक्रय लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। लाइसेंस निरस्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान कीटनाशकों का व्यवसाय नहीं कर सकेगा।


10 अन्य विक्रय केन्द्रों की भी जांच

कृषि विभाग ने जिले के 10 अन्य कीटनाशक विक्रय केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। इनमें मेसर्स अंकित ट्रेडर्स धमतरी, राधा ट्रेडर्स धमतरी, शिव धारा कृषि केन्द्र धमतरी, सदगुरू कृषि केन्द्र देमार, दिवाकर कृषि केन्द्र देमार, धारणा कृषि केन्द्र बागतराई, गगन कृषि केन्द्र खम्हरिया, तेजल कृषि केन्द्र दानीटोला, साहू कृषि केन्द्र कलारतराई और प्रियांशु कृषि केन्द्र सेमरा बी शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान मेसर्स अंकित ट्रेडर्स, धमतरी में अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही प्रतिष्ठान में कीटनाशक विक्रय पर प्रतिबंध की कार्रवाई की गई है। विभाग के अनुसार नोटिस का जवाब प्राप्त होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


किसानों के हित में निगरानी जारी

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में कीटनाशकों की बिक्री एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विक्रेताओं द्वारा वैध लाइसेंस के साथ अधिकृत उत्पादों की बिक्री, स्टॉक एवं मूल्य सूची का प्रदर्शन तथा आवश्यक अभिलेखों का संधारण किया जा रहा है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे कीटनाशक केवल अधिकृत विक्रय केन्द्र से खरीदें और बिल अवश्य प्राप्त करें। किसी भी कीटनाशक का उपयोग कृषि विशेषज्ञ की सलाह के बिना अथवा अनुशंसित मात्रा से अधिक न करें। निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित कृषि अधिकारियों को सूचित किया जा सकता है।

कृषि विभाग ने कहा है कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में लापरवाही अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !