छुरी एकलव्य विद्यालय में छात्रों पर कार्रवाई से उठे सवाल: 6 का ट्रांसफर, 3 को निलंबन का निर्देश
प्रतिबंधित वस्तुओं पर सवाल - आवासीय विद्यालय में मोबाइल कैसे पहुंचा? जिम्मेदार कौन?
कोरबा। छुरीकला स्थित पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्र आंदोलन के बाद जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास) जिला कोरबा द्वारा 16 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में 6 विद्यार्थियों को अन्य एकलव्य विद्यालयों में स्थानांतरित करने और 3 विद्यार्थियों को निलंबन प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक आदेश में इस कार्रवाई का कारण अनुशासनहीनता बताया गया है। आदेश में उल्लेख है कि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान छात्रावास से प्रतिबंधित वस्तुएं, मोबाइल फोन, चार्जर और पेन ड्राइव जब्त की गई थीं।
लेकिन बड़ा सवाल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर है
एकलव्य विद्यालय पूर्ण रूप से आवासीय विद्यालय है, जहां सुरक्षा और अनुशासन की पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन और छात्रावास अधीक्षक की होती है। ऐसे में सवाल उठता है कि प्रतिबंधित वस्तुएं छात्रावास के अंदर पहुंची कैसे? क्या इसके लिए केवल विद्यार्थी जिम्मेदार हैं या विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही भी उतनी ही जिम्मेदार है?
छात्रों के आंदोलन और शिकायतों का क्या हुआ?
गौरतलब है कि इस कार्रवाई से पहले विद्यार्थियों ने विद्यालय की अव्यवस्थाओं को लेकर आंदोलन किया था। विद्यार्थियों की मूल शिकायतें क्या थीं और उनका निराकरण किस स्तर पर हुआ, इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है।
अभिभावकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि आंदोलन के बाद ही प्रशासन को प्रतिबंधित वस्तुओं की याद आई, इससे पहले क्यों नहीं जांच की गई? क्या जिला प्रशासन एकलव्य विद्यालय की अव्यवस्था पर पर्दा डालने के लिए छात्रों पर कार्रवाई कर रहा है?

