नगरी सिहावा क्षेत्र में चक्रवाती तूफान का असर: दो दिनों से बारिश, कटाई के लिए तैयार धान की फसल पर संकट

0

 

नगरी सिहावा क्षेत्र में चक्रवाती तूफान का असर: दो दिनों से बारिश, कटाई के लिए तैयार धान की फसल पर संकट

बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, सालभर की मेहनत पर फिर सकता है पानी;

बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में दो दिन का अवकाश


उत्तम साहू 

नगरी,धमतरी। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से धमतरी जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में धान की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी है, लेकिन लगातार बारिश के कारण फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा मंडराने लगा है। मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेरने की आशंका पैदा कर दी है।

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों किसान धान की कटाई और खरीफ फसल की तैयारी में जुटे हुए हैं। ऐसे समय में बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई के बाद रखे गए धान के भी प्रभावित होने की आशंका है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। सालभर की मेहनत और लागत के बाद तैयार हुई फसल को लेकर किसान चिंतित हैं।


बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए धमतरी जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और छोटे बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर 28 और 29 अक्टूबर को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन का यह निर्णय संभावित खराब मौसम के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।


मौसम पर टिकी किसानों की निगाहें

लगातार बारिश के बीच अब किसानों की निगाहें मौसम के अगले रुख पर टिकी हैं। किसानों को उम्मीद है कि जल्द मौसम साफ होगा, ताकि धान की कटाई और अन्य कृषि कार्य समय पर पूरे किए जा सकें। वहीं, बारिश का दौर लंबा खिंचने पर फसल की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।

फिलहाल चक्रवाती तूफान के असर से बदले मौसम ने जिले में किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति ही तय करेगी कि धान की तैयार फसल को कितना नुकसान पहुंचता है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !