ग्राम सांकरा बनेगा सौर ऊर्जा आधारित गांव, 1.27 करोड़ से विकसित होगी सोलर व्यवस्था

0

 

ग्राम सांकरा बनेगा सौर ऊर्जा आधारित गांव, 1.27 करोड़ से विकसित होगी सोलर व्यवस्था



आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, बस स्टैंड और पेयजल व्यवस्था को मिलेगी सौर ऊर्जा से बिजली, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ग्रामीणों के साथ की बैठक


उत्तम साहू 

नगरी,धमतरी, 24 नवंबर। जिले के नगरी विकासखंड का ग्राम पंचायत सांकरा अब सौर ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की तैयारी में है। जिला प्रशासन ने गांव को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित बनाने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसके तहत सामुदायिक उपयोग की विभिन्न सुविधाओं को सौर ऊर्जा से संचालित करने के लिए शासन द्वारा 1 करोड़ 27 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। योजना के क्रियान्वयन से गांव की सार्वजनिक सुविधाओं को स्वच्छ और वैकल्पिक ऊर्जा उपलब्ध हो सकेगी।

योजना को लेकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ग्राम पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रस्तावित सोलर ऊर्जा व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि सांकरा गांव हमेशा से विकास कार्यों में सक्रिय और अग्रणी रहा है। डिजिटल टैक्स कलेक्शन के क्षेत्र में भी गांव ने प्रथम स्थान हासिल किया है। अब सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी गांव को एक आदर्श उदाहरण के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कलेक्टर ने बताया कि स्वीकृत 1.27 करोड़ रुपये की राशि से सामुदायिक उपयोग के लिए सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था तैयार की जाएगी। इसके माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विश्राम गृह, बस स्टैंड और पेयजल व्यवस्था जैसी सार्वजनिक सुविधाओं को बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

घरों में भी सोलर संयंत्र लगाने की अपील

कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि ग्राम सांकरा को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों में भी सोलर संयंत्र स्थापित करने और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की।

बैठक में उन्होंने ग्रामीणों से योजना की जानकारी साझा करने के साथ घरों में सोलर संयंत्र लगवाने के दौरान आ रही समस्याओं के बारे में भी पूछा। संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का निराकरण करने तथा योजना के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

सामुदायिक भवन और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण

बैठक के बाद कलेक्टर ने गांव के सामुदायिक भवन और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन को अपने आधिपत्य में लेकर वहां आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ कार्य संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, एसडीएम मनोज मरकाम, जनपद पंचायत नगरी के सीईओ विमल साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

सांकरा में प्रस्तावित यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ सामुदायिक सुविधाओं को आधुनिक और ऊर्जा के लिहाज से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !