धान खरीदी का टोकन नहीं कटा तो 2 दिसंबर को नगरी में किसानों का चक्काजाम, प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम

0

 

धान खरीदी का टोकन नहीं कटा तो 2 दिसंबर को नगरी में किसानों का चक्काजाम, प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम

किसान पंजीयन और डिजिटल फसल सर्वेक्षण में यूएफआर लंबित होने से अटकी धान खरीदी, कर्ज के बोझ तले दबने की आशंका से आक्रोशित किसान; कर्राघाटी चौक पर करेंगे आंदोलन



नगरी। धान खरीदी का सीजन चल रहा है, लेकिन तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की उलझन किसानों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। एक ओर किसान अपनी उपज बेचने के लिए तैयार हैं, वहीं दूसरी ओर किसान पंजीयन और डिजिटल फसल सर्वेक्षण में यूएफआर लंबित होने के कारण उनके धान खरीदी के टोकन नहीं कट पा रहे हैं। इस समस्या से परेशान किसानों का सब्र अब जवाब देने लगा है। किसान संघर्ष समिति जोन बेलरबाहरा ने जिला प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि सात दिनों के भीतर समस्या का निराकरण नहीं किया गया, तो 2 दिसंबर को नगरी के कर्राघाटी चौक पर शांतिपूर्ण चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

किसान संघर्ष समिति जोन बेलरबाहरा द्वारा कलेक्टर धमतरी के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)नगरी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि अरसीकन्हार, ठेन्ही, लींलांज, बेलरबाहरा, तुमड़ीबहार, बासीन, गाताभर्री, अर्जुनी, दौड़पंडरीपानी, कसलोर और रिसगांव क्षेत्र के किसान इस समस्या से प्रभावित हैं। किसानों का कहना है कि किसान पंजीयन एवं डिजिटल फसल सर्वेक्षण में यूएफआर लंबित होने के कारण धान खरीदी के लिए टोकन नहीं कट पा रहा है, जिससे उनकी उपज बेचने की प्रक्रिया अटक गई है।



किसानों ने बताया कि उन्होंने खेती-किसानी के लिए बैंकों से किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि ऋण ले रखा है। धान की फसल ही उनकी आय और कर्ज चुकाने का मुख्य सहारा है। यदि समय पर धान की बिक्री नहीं हुई तो किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा। एक तरफ फसल तैयार है, दूसरी तरफ सरकारी व्यवस्था में तकनीकी अड़चन के चलते किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं।

किसान नरेश मांझी, डीके यादव, सिरधन सोम, चंद्रसेन कुंजाम, घनश्याम नेताम, कमलेश प्रजापति, दिनेश यादव, लखन, जय सिंह, राजूराम, हेमराज, हीरालाल, धन सिंह, चुन्नूलाल, बिरजूराम, राजेश कोर्राम, ज्वाला प्रसाद, केशवराम, शेषनाथ और शिवप्रसाद सहित अन्य किसानों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन के समक्ष कई बार समस्या रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। किसानों का सवाल है कि जब खेती की पूरी जिम्मेदारी किसान उठाता है, तो अपनी मेहनत की उपज बेचने के लिए उसे तकनीकी त्रुटियों और विभागीय प्रक्रियाओं के चक्कर क्यों काटने पड़ रहे हैं?

ज्ञापन में प्रशासन से 2 दिसंबर 2026 तक समस्या का निराकरण करने की मांग की गई है। ऐसा नहीं होने पर 2 दिसंबर 2026, बुधवार को सुबह 10 बजे से कर्राघाटी चौक, नगरी में शांतिपूर्ण चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है। समिति ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

अब देखना होगा कि किसानों की इस गंभीर समस्या पर प्रशासन समय रहते संज्ञान लेकर तकनीकी अड़चन दूर करता है या फिर धान बेचने के लिए परेशान किसानों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !