पारंपरिक कारोबार को ब्रांड बनाने का मंत्र देगी ‘दुकान से ब्रांड तक’ पुस्तक
व्यापारियों को आधुनिक व्यावसायिक सोच, बेहतर प्रबंधन और लाभ बढ़ाने के व्यावहारिक सूत्रों से कराएगी परिचित
धमतरी, 6 नवंबर। पारंपरिक कारोबार को आधुनिक व्यावसायिक सोच और बेहतर प्रबंधन से जोड़कर उसे व्यवस्थित, लाभदायक एवं दीर्घकालीन बनाने के उद्देश्य से लिखी गई पुस्तक ‘दुकान से ब्रांड तक’ छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए उपयोगी साबित होगी। पुस्तक के लेखक सीए सौरभ केला ने शुक्रवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से सौजन्य भेंट कर उन्हें पुस्तक की प्रति भेंट की। इस अवसर पर विजय कुमार केला भी उपस्थित थे।
पुस्तक ‘दुकान से ब्रांड तक’ में भारतीय खुदरा विक्रेताओं, थोक व्यापारियों, वितरकों तथा पारिवारिक व्यवसाय संचालित करने वाले उद्यमियों के लिए व्यावहारिक व्यावसायिक रणनीतियों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है। इसमें बिना अनावश्यक छूट दिए लाभ बढ़ाने, नकदी प्रवाह मजबूत करने, नए ग्राहकों को जोड़ने, पुराने ग्राहकों को बनाए रखने और बाजार में कारोबार की अलग पहचान स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया है।
इसके साथ ही आंकड़ों के आधार पर व्यावसायिक निर्णय लेने, उधारी प्रबंधन, भुगतान की वसूली तथा कारोबार को अगली पीढ़ी तक सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के उपायों को भी शामिल किया गया है। पुस्तक का उद्देश्य व्यापारियों को केवल रोजाना की बिक्री और मुनाफे तक सीमित रखने के बजाय ऐसी व्यवस्थित व्यावसायिक प्रणाली विकसित करने के लिए प्रेरित करना है, जिससे कारोबारी की अनुपस्थिति में भी व्यवसाय सुचारु रूप से संचालित हो सके।
लेखक सीए सौरभ केला ने अपने व्यावसायिक अनुभवों और देशभर के व्यापारियों के साथ काम करने से प्राप्त सीख को पुस्तक में समाहित किया है।
इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि व्यापार में सफलता के लिए मेहनत के साथ दूरदर्शी सोच, वित्तीय अनुशासन, समयानुकूल निर्णय और बेहतर प्रबंधन आवश्यक हैं। छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए ऐसी व्यावहारिक पुस्तकें काफी उपयोगी साबित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धात्मक दौर में पारंपरिक व्यवसायों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और नवाचार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इससे स्थानीय व्यापार को नई पहचान मिलने के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि सीए सौरभ केला चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यवसाय सलाहकार एवं प्रशिक्षक हैं। उनकी पुस्तक ‘दुकान से ब्रांड तक’ पेनडाउन प्रेस द्वारा प्रकाशित की गई है और यह अमेजन एवं फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध है।

