पर्यटन, मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय से बदलेगी नगरी-सिहावा की तस्वीर

0

 पर्यटन, मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय से बदलेगी नगरी-सिहावा की तस्वीर

राम वनगमन पथ, गणेश घाट और श्रृंगी ऋषि क्षेत्र का होगा विकास, किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने पर प्रशासन का जोर


उत्तम साहू 

धमतरी, 25 नवंबर। प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक विरासत और कृषि आधारित आजीविका की अपार संभावनाओं से समृद्ध नगरी-सिहावा अंचल के विकास को नई दिशा देने जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इससे जहां क्षेत्र को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी, वहीं किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर भी विकसित होंगे।


इसी कड़ी में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को नगरी प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं पशु सखियों से चर्चा कर योजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


राम वनगमन पथ देवपुर में विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं


कलेक्टर ने राम वनगमन पथ देवपुर में निर्माणाधीन पर्यटन परिसर का निरीक्षण किया। यहां छह कॉटेज, दो डॉरमेट्री, गार्डन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बेहतर आवासीय सुविधाएं विकसित होने से पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं तथा व्यवसायियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।


गणेश घाट और श्रृंगी ऋषि को मिलेगी नई पहचान


गणेश घाट को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संरचना का निर्माण कराया जा रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत भव्य घाट, पार्क, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट जैसी सुविधाएं विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।


वहीं, श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र श्रृंगी ऋषि पर्वत तक आवागमन सुगम बनाने सड़कों के चौड़ीकरण की योजना बनाई गई है। इसके लिए सर्वे का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने अधिकारियों को आगामी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।


100 एकड़ क्षेत्र में मखाना उत्पादन की संभावनाएं


किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए मखाना उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। कलेक्टर ने लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित तालाबों का निरीक्षण कर मखाना उत्पादन की गतिविधियों और संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को पारंपरिक खेती के साथ वैकल्पिक आजीविका से जोड़ना जरूरी है। मखाना उत्पादन से स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण और विपणन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।


नगरी में खुलेंगे लगभग 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र


दुग्ध व्यवसाय को संगठित स्वरूप देने नगरी के आसपास लगभग 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में सुबह और शाम दो समय पशुपालकों से दूध का संग्रहण किया जाएगा, जिससे उन्हें नियमित बिक्री और बेहतर मूल्य की सुविधा मिल सकेगी।


इस संबंध में कलेक्टर ने नगरी रेस्ट हाउस में पशु सखियों की बैठक लेकर पशुपालकों के पंजीयन एवं दुग्ध संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों को इन केंद्रों से जोड़ने तथा पशुओं के स्वास्थ्य, पोषण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


इसके साथ ही राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के माध्यम से पशु सखियों को गुजरात भ्रमण पर भेजने की योजना है, ताकि वे वहां की आधुनिक पशुपालन तकनीक और सहकारी दुग्ध व्यवस्था का प्रशिक्षण लेकर स्थानीय स्तर पर इसका लाभ पहुंचा सकें। कलेक्टर ने चिलिंग प्लांट के संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर उसके सुचारु संचालन के लिए आवश्यक भवन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।


स्थानीय रोजगार और आर्थिक समृद्धि पर रहेगा जोर


नगरी-सिहावा अंचल में पर्यटन, कृषि और पशुपालन को एक साथ बढ़ावा देने की यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय व्यवसायों को गति मिलेगी, वहीं मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय किसानों एवं पशुपालकों के लिए अतिरिक्त आय के साधन बनेंगे। प्रशासन का लक्ष्य इन योजनाओं में ग्रामीणों, युवाओं, किसानों और महिला समूहों की भागीदारी सुनिश्चित कर नगरी-सिहावा क्षेत्र को विकास और समृद्धि की नई पहचान दिलाना है।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !