ब्रॉडगेज निर्माण ने छीना चार गांवों का रास्ता, अब खेतों तक पहुंचना भी हुआ मुश्किल
10 साल से सड़क की मांग अधूरी, ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा से लगाई गुहार, कलेक्टर कार्यालय में भी सौंपा आवेदन
धमतरी। विकास की नई रेललाइन बिछाने का काम चार गांवों के ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। रायपुर-धमतरी रेललाइन के ब्रॉडगेज निर्माण के चलते ग्राम पूरी, काशीपुरी, लिमतरा और गोपालपुरी के लोगों का पुराना आवागमन मार्ग प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के साथ किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अब जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।
सोमवार को चारों गांवों के ग्रामीण जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा से मिले और उन्हें अपनी समस्या बताते हुए लिखित मांग पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की कि रेलवे लाइन के दोनों ओर एक-एक किलोमीटर वैकल्पिक सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि गांवों का संपर्क मार्ग बहाल हो सके और किसानों को खेती-किसानी में परेशानी न हो। जिला पंचायत अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवेदन पर अनुशंसा की। इसके बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर भी आवेदन सौंपा।
अंडरब्रिज की शर्त पर ली गई थी एनओसी, अब सड़क भी गायब
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि छोटी रेललाइन के समय क्षेत्र में आवागमन के लिए रेलवे क्रॉसिंग की व्यवस्था थी। ब्रॉडगेज निर्माण के प्रस्ताव के दौरान संबंधित स्थान पर अंडरब्रिज बनाए जाने की शर्त पर ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिया गया था। इसके साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत रेलवे लाइन के दोनों ओर एक-एक किलोमीटर सड़क भी बनाई गई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि ब्रॉडगेज निर्माण के दौरान पहले से बनी इस सड़क को उखाड़ दिया गया, लेकिन आवागमन के लिए अब तक कोई स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इसका सीधा असर चारों गांवों के लोगों पर पड़ रहा है। विशेषकर उन किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जिनकी कृषि भूमि रेलवे लाइन के दोनों ओर स्थित है। खेतों तक पहुंचने के लिए उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आठ किलोमीटर सड़क का संपर्क भी रेलवे क्रॉसिंग पर खत्म
ग्रामीणों ने आवेदन में पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित लगभग आठ किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि इस सड़क का संपर्क काशीपुरी रेलवे क्रॉसिंग पर आकर समाप्त हो जाता है। ऐसे में रेलवे लाइन के दोनों ओर एक-एक किलोमीटर सड़क का निर्माण बेहद जरूरी है। इससे न केवल चारों गांवों के लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि किसानों को भी अपनी जमीन तक पहुंचने का रास्ता मिल सकेगा।
दस साल से गुहार, अब आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग पिछले लगभग दस वर्षों से शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने रखी जा रही है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने ग्रामीणों की मांग पर अनुशंसा करते हुए कलेक्टर से संबंधित स्थान पर बैरिकेड लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। इसके बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय में भी आवेदन देकर जल्द निराकरण की मांग की।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पष्ट कहा है कि ब्रॉडगेज निर्माण के साथ गांवों के आवागमन की सुविधा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। विकास के नाम पर चार गांवों का रास्ता बंद होना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क और आवागमन की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो ग्रामीण रेलपथ पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
मांग पत्र सौंपने वालों में लेखराम, चिरौजी लाल साहू, रेखलाल साहू, नरसिंग साहू, तुलाराम निर्मलकर एवं रोहित यादव सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

