प्राथमिक शाला डोहलापारा को मिला डिजिटल स्मार्ट बोर्ड, बच्चों में खुशी की लहर
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के सौजन्य से विद्यालय को मिली डिजिटल सुविधा, पढ़ाई होगी आसान और रोचक
धमतरी। शासकीय प्राथमिक शाला डोहलापारा में शिक्षा को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष धमतरी अरुण सार्वा के सौजन्य से विद्यालय को डिजिटल स्मार्ट बोर्ड प्रदान किया गया है। लंबे समय से विद्यार्थियों की इस मांग के पूरा होने पर विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है।
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति ने डिजिटल स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। समिति ने कहा कि डिजिटल बोर्ड मिलने से विद्यार्थियों को पढ़ाई में सुविधा होगी और कठिन विषयों को भी सरल एवं रोचक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा।
डिजिटल स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से शिक्षक कम समय में अधिक विषयवस्तु को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों की सीखने और समझने की क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी डिजिटल माध्यम उपयोगी साबित होगा। विद्यालय में आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होने से बच्चों को तकनीक आधारित शिक्षा का लाभ मिलेगा।
सहयोगियों के प्रयासों की सराहना
इस महत्वपूर्ण पहल में विशेष योगदान देने वाले साकेत साहू एवं कविता साहू मैडम के प्रयासों की शाला प्रबंधन एवं विकास समिति ने सराहना की। समिति ने कहा कि उनके अथक प्रयासों से विद्यालय को यह सुविधा प्राप्त हो सकी। इसके साथ ही विशेष सहयोग के लिए उमेश साहू के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि डिजिटल स्मार्ट बोर्ड विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने में सहायक होगा।

