भंडारवाड़ी के जंगल में मिले अज्ञात शव की पहचान में जुटी पुलिस, आमजनों से मांगी मदद

0

 

भंडारवाड़ी के जंगल में मिले अज्ञात शव की पहचान में जुटी पुलिस, आमजनों से मांगी मदद

40 से 45 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव मिलने के सात महीने बाद भी नहीं हो सकी पहचान, हुलिया और कपड़ों के आधार पर परिजनों तक पहुंचने की कोशिश


उत्तम साहू 

नगरी/धमतरी, 20 नवंबर 2026। जिले के दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम भंडारवाड़ी के जंगल में मिले एक अज्ञात पुरुष के शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने मृतक का हुलिया और घटना के समय पहने हुए कपड़ों का विवरण सार्वजनिक करते हुए लोगों से इस जानकारी को अधिक से अधिक साझा करने का आग्रह किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को ग्राम भंडारवाड़ी के जंगल स्थित सागौन प्लाट में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष अनुमानित है। पुलिस द्वारा पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

यह है मृतक का हुलिया

मृतक की लंबाई लगभग 5 फीट 3 इंच, शरीर दुबला-पतला और रंग सांवला है। उसका चेहरा लंबा तथा दांत बाहर की ओर दिखाई देते हैं। बाल अधपके हैं। घटना के समय उसने काले-सफेद लाइनिंग वाली शर्ट और काले रंग का चड्डी पहन रखा था।

एक सूचना से मिल सकता है परिवार को अपना सदस्य

धमतरी पुलिस ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की है कि मृतक के हुलिए और पहनावे के विवरण को ध्यान से देखें तथा अपने परिचितों और रिश्तेदारों तक यह जानकारी पहुंचाएं। संभव है कि मृतक किसी परिवार का सदस्य हो और उसके परिजन लंबे समय से उसकी तलाश कर रहे हों। ऐसे में किसी व्यक्ति की छोटी-सी जानकारी भी उसकी पहचान और परिजनों तक सूचना पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में जानकारी हो या वह उसकी पहचान कर सकता हो, तो थाना प्रभारी दुगली के मोबाइल नंबर 94791-91327, पुलिस कंट्रोल रूम धमतरी के मोबाइल नंबर 9479192299 अथवा फोन नंबर 07722-231344 पर तत्काल संपर्क कर सूचना दे सकता है।

धमतरी पुलिस ने आमजनों से इस अपील को अधिक से अधिक साझा करने का आग्रह किया है, ताकि अज्ञात मृतक की पहचान सुनिश्चित कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !