50 किलो चांदी लूटने का खुलासा,2 पुलिसकर्मी समेत 6 गिरफ्तार
स्कॉर्पियो गाड़ी के पास खड़े चार लोगों ने हाथ देकर गाड़ी रुकवा ली और लूट की घटना को दिया अंजाम
उत्तर प्रदेश के औरैया में पुलिस ने बांदा के एक व्यवसायी से 50 किलोग्राम चांदी लूटने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चारू निगम बताया कि एफआईआर की कॉपी के अनुसार, बांदा के रहने वाले सर्राफा व्यापारी मनीष सोनी उर्फ सागर 6 जून को अपनी क्रेटा कार बांदा से औरेया जा रहे थे। उनके साथ मामा का लड़का रवि सोनी और भाभी सोनाली सोनी और उनकी बेटी अशी थी। वह बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे से जा रहे थे। गाड़ी ड्राइवर जगनन्दन पाल चला रहा था। औरैया जनपद में एंट्री करते ही दोपहर में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी के पास खड़े चार लोगों ने हाथ देकर गाड़ी रुकवा ली।
इसमें से दो व्यक्ति सादे कपड़े पहने थे, जबकि एक व्यक्ति दरोगा की वर्दी पहने था और पिस्टल लगाए था। एक सिपाही की वर्दी पहने था। कॉन्स्टेबल के हाथ में कार्बाइन थी। इन कथित पुलिसकर्मियों ने दो नंबर की चांदी की जानकारी होने पर फर्जी चेकिंग की थी। जब व्यापारी ने सही कागजात नहीं दिखाए तो सभी को डराया धमकाया। इसके बाद गाड़ी में रखे दो बैग, जिसमें चांदी के 30 टुकड़े थे। सभी को अपने साथ लेकर गए। फिर सभी को छोड़ दिया।
चांदी का बंटवारा दो दिन बाद होना था। लेकिन इसके पहले ही सभी आरोपी धरे गए। हालांकि इस लूटकांड में शामिल हेड कॉन्स्टेबल अभी भी फरार है। कानपुर देहात व औरैया जनपद की पुलिस ने देर रात भोगनीपुर कोतवाली में छापा मारकर इंस्पेक्टर के आवास से लूटी हुई 50 किलो चांदी भी बरामद कर ली। औरैया एसपी चारू निगम ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के लिए एसपी कानपुर देहात को पत्र लिखा गया है।
