छत्तीसगढ़ में भाजपा के अधिकांश सांसदों की टिकट कटने के संकेत..
कांकेर लोकसभा से पिंकी शिवराज शाह को प्रत्याशी बनाए जाने की प्रबल संभावना
उत्तम साहू
रायपुर/ छत्तीसगढ़ में भाजपा वर्तमान सांसदों के टिकट काटकर नए और युवाओं को मौका दे सकती है, कांकेर लोकसभा की बात करें तो पूर्व विधायक और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं सिहावा की पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह को प्रत्याशी बनाए जाने की प्रबल संभावनाएं दिख रही है, दुर्ग लोकसभा को छोड़कर अन्य सीटों पर नए चेहरे उतारने की योजना बना रही है। दुर्ग लोकसभा सीट से विजय बघेल को ही प्रत्याशी बनाए जाने की खबर है। 2023 के विधानसभा में भूपेश बघेल को कड़ी टक्कर देने के कारण विजय बघेल को लोकसभा की टिकट पुरस्कार के तौर पर मिल सकती है। बिलासपुर के सांसद रहे अरुण साव अब मंत्री बन गए हैं। रायगढ़ की सांसद रही गोमती साय और सरगुजा की सांसद रही रेणुका सिंह विधायक बन गई हैं, ऐसे में वहां नए चेहरे उतारने ही हैं।कोरबा और बस्तर में भाजपा के सांसद नहीं हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस के सांसद हैं। बताते हैं रायपुर, राजनांदगांव, कांकेर, महासमुंद और जांजगीर के वर्तमान सांसदों की जगह भाजपा नए चेहरे की तलाश में है। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 11 सीटों में नए चेहरे उतारे थे और नौ सीटों में उसे जीत मिली थी।
कहते हैं छत्तीसगढ़ के 11 लोकसभा सीटों के लिए भाजपा का आंतरिक सर्वे रिपोर्ट और ख़ुफ़िया रिपोर्ट पार्टी हाईकमान के पास पहुँच गई है। कहा जा रहा है कि भाजपा 2023 के विधानसभा की तरह कुछ लोकसभा सीटों में प्रत्याशियों की घोषणा चुनाव की तिथि आने से पहले कर दे। अनुमान है कि फ़रवरी के पहले-दूसरे हफ्ते में करीब 165 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। इनमें छत्तीसगढ़ की चार-पांच सीटें हो सकती हैं। चर्चा है कि बस्तर, कांकेर, सरगुजा, रायगढ़ और जांजगीर सीट के लिए फ़रवरी में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। कहा जा रहा है कि छह सामान्य सीटों में से तीन में ओबीसी प्रत्याशी खड़े किए जा सकते हैं।