नगर साहू समाज ने धूमधाम से मनाया भक्त माता कर्मा की जयंती
उत्तम साहू
नगरी/ ब्लाक मुख्यालय नगरी में नगर साहू समाज के द्वारा प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी भक्त माता कर्मा की जयंती बड़े ही धूमधाम के साथ हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई। सबसे पहले समाज के लोगों ने साहू सदन में एकत्र होकर धार्मिक अनुष्ठान, पूजन-अर्चन किया। उसके बाद दोपहर में गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, शोभायात्रा में पीले वस्त्रों में सजी महिलाएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुई। शोभायात्रा में भगवान की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र रही। जिसमे बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं एवं युवतियां सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं। महिलाओं के साथ साथ बच्चे, बूढ़े और युवाओं ने बढ़ चढ़ कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
शोभा यात्रा साहू सदन से प्रारंभ होकर तहसील चौराहा,बस स्टेंड होते हुए मेन मार्केट के मुख्य मार्ग से निकली। इस दौरान शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभा यात्रा के पश्चात प्रसाद वितरण एवं भंडारे के साथ साहू सदन में समापन हुआ। नगर के वरिष्ठ एवं गणमान्य समाजिक बंधुओं के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रही।