सिहावा क्षेत्र की सुख-समृद्धि हेतु भव्य महा रुद्राभिषेक के साथ कोटेश्वर धाम,कर्णेश्वर धाम में भंडारा कार्यक्रम का आयोजन
उत्तम साहू 04 अगस्त 2025
नगरी (सिहावा)/ सावन सोमवार के अंतिम पावन अवसर पर सिहावा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम के विशेष संयोजन में कोटेश्वर धाम एवं कर्णेश्वर धाम में भव्य महा रुद्राभिषेक तथा विशाल भंडारे का आयोजन विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ।
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र की सुख-शांति, उत्तम वर्षा, फसल की समृद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ भगवान शिव का विशेष पूजन, महामृत्युंजय मंत्र जप, रुद्राभिषेक एवं शिवधारा जलाभिषेक सम्पन्न हुआ। पूजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, भक्तों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और धार्मिक अनुष्ठान से पुण्य लाभ प्राप्त किया।
महा रुद्राभिषेक भगवान शिव को समर्पित एक अत्यंत प्रभावशाली वैदिक अनुष्ठान है, जिसमें जल, दूध, दही, घी, मधु, गंगाजल, बेलपत्र, पुष्प आदि से शिवलिंग का अभिषेक कर लोकमंगल की कामना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इससे वातावरण शुद्ध होता है, नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है, और समृद्धि, स्वास्थ्य व शांति की प्राप्ति होती है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सावित्री मंडावी (विधायक, भानुप्रतापपुर), प्रतिमा चंद्राकर (पूर्व विधायक), जनक ध्रुव (विधायक, बिन्द्रानवागढ़), ओंकार साहू (विधायक, धमतरी), विपिन साहू तारनी चंद्राकर (पूर्व जिला पंचायत सदस्य) एवं मीना बंजारे (पूर्व जिला पंचायत सदस्य, धमतरी)भानेद्र ठाकुर , आलोक जाधोव ,कमेलश मिश्रा, सचिन भंसाली, भरत लहरे, सन्नी मरकाम, मोनी ध्रुव, विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महा रुद्राभिषेक में भाग लेकर क्षेत्र की समृद्धि हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।
विधायक अंबिका मरकाम ने अपने संदेश में कहा कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर समूचे क्षेत्र के सुख, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की कामना की गई है। धार्मिक परंपराओं और लोकआस्था को सशक्त करने वाला यह आयोजन सभी श्रद्धालुजनों के सहयोग से सफल हुआ है।
कार्यक्रम उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हज़ारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।




