पखांजूर में 50 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 50 लाख का इनाम था घोषित
पखांजूर। उत्तर बस्तर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां लंबे समय से सक्रिय नक्सली संगठन के सीसी (केंद्रीय समिति) सदस्य रामधेर ने अपने 50 साथियों के साथ महला कैंप में आत्मसमर्पण किया है।
सूत्रों के अनुसार, सभी नक्सलियों पर मिलाकर लगभग 50 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पखांजूर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित महला कैंप में सुबह से ही सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अमले में हलचल देखी गई।
बताया जा रहा है कि रामधेर संगठन में एक प्रभावशाली सदस्य था, जिसकी पकड़ इतनी मजबूत थी कि उसने खुद के साथ पूरे दल को आत्मसमर्पण के लिए तैयार किया। इससे पहले बस्तर में सीसी मेंबर सोनू उर्फ भूपति और रूपेश उर्फ सतीश के सरेंडर के बाद यह तीसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
ज्ञात हो कि 17 अक्टूबर को बस्तर पुलिस लाइन ग्राउंड में भी 210 नक्सलियों ने सामूहिक रूप से आत्मसमर्पण किया था। उस अवसर पर मुख्यमंत्री सीएम साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव उपस्थित थे। उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों का फूलों और संविधान की प्रति देकर स्वागत किया था।
उस दौरान वरिष्ठ माओवादी नेताओं समेत केंद्रीय समिति सदस्य रूपेश उर्फ सतीश, भास्कर उर्फ राजमन मंडावी, रनिता, राजू सलाम, धन्नू वेट्टी उर्फ संतू, और रतन एलम ने भी हथियार डाल दिए थे।
सभी ने कुल 153 हथियार सुरक्षा बलों को सौंपे थे, जिनमें 19 AK-47, 17 SLR, 23 INSAS, 1 INSAS LMG, 36 .303 राइफलें, 4 कार्बाइन और 11 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर शामिल थे।
नक्सलवाद के खिलाफ यह आत्मसमर्पण अभियान लगातार सफलता की ओर बढ़ता दिख रहा है। सरकार और सुरक्षा बलों की इस पहल को स्थानीय जनता का भी समर्थन मिल रहा है।

