झूलेलाल वार्ड में 5 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन
वार्डवासियों को आवागमन में मिलेगी राहत, विकास की दिशा में एक और कदम
तिल्दा नेवरा। नगर पालिका तिल्दा नेवरा के वार्ड क्रमांक 13 (झूलेलाल वार्ड) में लगभग ₹5 लाख की लागत से बनने वाली सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पलक विकास सुखवानी द्वारा विधि-विधानपूर्वक किया गया। यह सड़क नेहा मेडिकल से निहिचालानी परिवार के घर तक बनेगी।
उपाध्यक्ष पलक विकास सुखवानी ने कहा कि उनका संकल्प है कि वार्ड क्रमांक 13 किसी भी दृष्टि से पिछड़ा न रहे। वार्डवासियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
भाजपा नेता अनिल अग्रवाल ने कहा कि नगर में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका पार्षद ईश्वर यदु, पूर्व उपाध्यक्ष विकास सुखवानी, सिंधी समाज के वरिष्ठजन किशोर सतपाल, मोतीराम ज्ञानचंदानी, अनिल नीचलानी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। नागरिकों ने विकास कार्य के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

