धमतरी में ब्रह्माकुमारीज संस्था के तत्वावधान में “आध्यात्मिक किसान सम्मेलन” का आयोजन

0

 

धमतरी में ब्रह्माकुमारीज संस्था के तत्वावधान में “आध्यात्मिक किसान सम्मेलन” का आयोजन

    जैविक से यौगिक खेती अपनाने का आह्वान



उत्तम साहू 

धमतरी, 5 अक्टूबर। ब्रह्माकुमारीज संस्था के कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग द्वारा आज हरदिहा साहू समाज भवन धमतरी में   “आध्यात्मिक किसान सम्मेलन”का आयोजन किया गया। सम्मेलन का विषय था “भारतीय कृषि दर्शन एवं ग्राम विकास”। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, विधायक ओंकार साहू, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद,तथा भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

        ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी का उद्बोधन  

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और यहां के किसान ही राष्ट्र की समृद्धि के आधार हैं। उन्होंने भारतीय कृषि दर्शन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अब समय है खेती को केवल उत्पादन का माध्यम न मानकर उसे आध्यात्मिक और संतुलित जीवनशैली से जोड़ने का। उन्होंने शाश्वत योगिक खेती को अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि यह पद्धति न केवल मिट्टी की उर्वरकता बढ़ाती है, बल्कि किसान के मन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मशक्ति का संचार भी करती है।  



कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि “भारतीय कृषि केवल अन्न उत्पादन का साधन नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन दर्शन और संस्कृति का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि जब खेती में अध्यात्म जुड़ता है, तब धरती उपजाऊ और जीवन समृद्ध बनता है। आधुनिक समय में जहां खेती रासायनिकता की ओर बढ़ी है, वहीं भारतीय परंपरा हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने का आग्रह किया ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भूमि और पर्यावरण सुरक्षित रह सके।



मंत्री नेताम ने यह भी कहा कि वास्तविक ग्राम विकास केवल सड़कों या भवनों के निर्माण से नहीं होता, बल्कि जब ग्रामवासी आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से उन्नत होते हैं, तभी विकास सार्थक होता है। इस दिशा में आध्यात्मिक जागरूकता और आत्मिक शांति अत्यंत आवश्यक है।

         किसानों के लिए प्रेरक सत्र  

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की दीदियों ने “खेती में सकारात्मक ऊर्जा कैसे बढ़ाएं” विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि राजयोग ध्यान के माध्यम से किसान अपनी फसलों में सकारात्मक स्पंदन उत्पन्न कर सकते हैं, जिससे पैदावार की गुणवत्ता और पोषक तत्वों में वृद्धि होती है।  

            विशिष्ट उपस्थिति और समापन  

इस अवसर पर माउंट आबू से आए वरिष्ठ भ्राता राजू भाई जी, इंदौर जोन की प्रमुख संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी, सुमंत भाई तथा धमतरी जिले की प्रमुख संचालिका सरिता दीदी सहित जिले के विभिन्न सेवा केंद्रों की ब्रह्माकुमारी बहनों ने सहभागिता की। जिलाभर से आए बड़ी संख्या में किसान, पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक सम्मेलन में उपस्थित रहे।  



कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा किसानों के आध्यात्मिक उत्थान और कृषि के सतत विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उपस्थित जनों ने यह संकल्प लिया कि वे खेती को पूजा और धरती को माता के रूप में स्वीकार कर यौगिक खेती को जीवन का हिस्सा बनाएंगे।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !