खरीफ विपणन वर्ष 2025-26
धमतरी जिले में तेज़ी से जारी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी
अब तक 3 लाख 41 हजार 573 क्विंटल धान की खरीदी
उत्तम साहू
धमतरी, 21 नवंबर 2025/ जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। जिला खाद्य अधिकारी बी.के. कोर्राम ने बताया कि धमतरी जिले के 100 धान उपार्जन केंद्रों में अब तक पंजीकृत किसानों से कुल 3,41,573 क्विंटल 60 किलोग्राम धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और तेज़ बनाने के लिए टोकन प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है।
शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण सोमवार, 24 नवंबर के लिए 2097 किसानों के टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकनों के आधार पर लगभग 97,375 क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा लगातार खरीदी कार्य की समीक्षा कर रहे हैं और उन्होंने तौल प्रक्रिया, गुणवत्ता परीक्षण, बारदाना उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था तथा ऑनलाइन पंजीयन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसान हित शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी केंद्र में किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त संसाधन और कार्मिक तैनात किए गए हैं।
जिला प्रशासन किसानों को समय पर टोकन उपलब्ध कराने, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा तथा पारदर्शी भुगतान प्रणाली पर विशेष ध्यान दे रहा है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर ही उपार्जन केंद्रों में पहुँचे, ताकि खरीदी सुचारू रूप से संचालित हो सके।

