धमतरी पुलिस द्वारा बड़ौदा आरसेटी में यातायात एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
उत्तम साहू
धमतरी, 12 नवम्बर 2025। एसपी धमतरी के निर्देश पर बड़ौदा आरसेटी (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान) धमतरी में यातायात पुलिस द्वारा एक विशेष यातायात एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्वरोजगार प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हितग्राहियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन एवं बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वरोजगार से जुड़ने वाले युवाओं को न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार और सजग नागरिक के रूप में भी तैयार करना था।
यातायात प्रभारी ने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि
- सड़क पर चलते समय सतर्क रहना, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
- मोबाइल पर प्राप्त संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेशों पर क्लिक न करें, ताकि साइबर फ्रॉड से बचा जा सके।
- किसी भी प्रकार की ठगी या धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में दें।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने धमतरी पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और यातायात व साइबर नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
धमतरी पुलिस का उद्देश्य ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों में “सुरक्षित धमतरी, जागरूक नागरिक” की भावना को मजबूत करना है।
धमतरी पुलिस — आपके साथ, आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर।

