जिला मिशन समन्वयक ने किया आकस्मिक निरीक्षण, छात्रों के शैक्षणिक स्तर की ली जानकारी – शिक्षकों को दिए विशेष निर्देश
उत्तम साहू
धमतरी/नगरी।जिला मिशन समन्वयक श्री अनुराग त्रिवेदी ने आज विकासखंड नगरी के पीएम श्री शास. शृंगी ऋषि उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नगरी तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय निर्राबेड़ा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों की गहन समीक्षा की।
📌 उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नगरी में शैक्षणिक परीक्षण
विद्यालय पहुंचकर श्री त्रिवेदी ने बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से विषय-आधारित प्रश्न पूछे और उनके ज्ञान का परीक्षण किया।
उन्होंने बच्चों को सुलेख सुधारने के लिए प्रेरित किया तथा शिक्षकों को निर्देश दिया कि
उत्कृष्ट परिणाम के लिए अतिरिक्त कक्षाएँ लगाएँ
कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दें
अध्यापन कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करें
निरीक्षण के दौरान डीपीएमयू श्रीमती कुंती पाण्डेय, एपीसी श्रीमती लता साहू, प्राचार्य श्री एस.के. प्रजापति, संकुल समन्वयक लोचन साहू, व्याख्याता आर.एल. सोनी सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।
📌 कस्तूरबा विद्यालय निर्राबेड़ा में छात्राओं से संवाद
इसके बाद जिला मिशन समन्वयक ने कस्तूरबा आवासीय विद्यालय निर्राबेड़ा में छात्राओं के साथ बैठकर उनकी समस्याएँ और आवश्यकताएँ जानीं। छात्राओं ने भिलाई भ्रमण पर जाने की इच्छा जताई, जिस पर त्रिवेदी सर ने सहमति प्रदान की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है, जिसके लिए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिक्षिका को विद्यालय में पूरा समय उपस्थित रहने का कड़ा निर्देश दिया। इस अवसर पर अधिक्षिका एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
📌 उद्देश्य – शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार
जिला मिशन समन्वयक ने दोनों संस्थानों में छात्रों की शैक्षणिक प्रगति, व्यवस्थाओं और शिक्षण स्तर को और बेहतर करने के लिए संबंधित स्टाफ कोआवश्यक दिशानिर्देश दिए।




