कलेक्टर जनदर्शन में सुनी आम लोगों की समस्याएं
डुबान क्षेत्र के 12 गांवों के किसानों की समस्या का हुआ समाधान
आज के जनदर्शन में मिले 110 आवेदन
उत्तम साहू
धमतरी, 10 नवम्बर 2025 कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की शिकायतें, समस्याएं और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और प्राथमिकता से कार्यवाही के निर्देश दिए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान अरौद डुबान, पटौद, हरफर, बरबांधा, सिलतरा, कलारबाहरा, पहारियाकोन्हा, पटेलगुड़ा, किशनपुरी, उरपुटी और कान्दरी के किसानों ने बताया कि उनके गांवों से धान उपार्जन केन्द्र की दूरी अधिक है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। किसानों ने मोंगरागहन केन्द्र से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। कलेक्टर मिश्रा ने किसानों की मांग पर सहमति जताते हुए मोंगरागहन में वैकल्पिक धान खरीदी केन्द्र स्थापित करने के निर्देश दिए।
इसी तरह, रामसागर पारा निवासी नागेश्वरी साहू ने विधवा पेंशन और महतारी वंदन योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत रखी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भैंसमुंडी स्थित संत कबीर मंदिर आश्रम के लखन दास ने आश्रम की भूमि के निजी उपयोग की शिकायत प्रस्तुत की, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम कुरूद को जांच के निर्देश दिए। वहीं करेली बड़ी पंचायत में नल-जल योजना की राशि में अनियमितता की शिकायत पर भी जांच के निर्देश दिए गए।
ग्राम मल्हारी के गेंदलाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दिलाने की मांग रखी, जिस पर विभागीय अधिकारी ने बताया कि हाल ही में राशि उनके खाते में जारी की जा चुकी है।
इसी प्रकार, मेचका के मोहनलाल जालेश ने सूकर पालन हेतु आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
आज के जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास, पेंशन, महतारी वंदन, सड़क निर्माण, विद्युत एवं भूमि विवाद से संबंधित कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए।
1 नवम्बर 2024 से अब तक कुल 2869 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2439 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है तथा शेष आवेदनों पर कार्यवाही जारी है।


