गवर्नेंस ऑन व्हील्स पहल के तहत दुगली में लगा शिविर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ की गई है
उत्तम साहू दिनांक 10 नवबंर 2025
नगरी-दुगली/ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “गवर्नेंस ऑन व्हील्स” के तहत सोमवार, 10 नवम्बर को दुगली क्लस्टर में मोबाइल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह पहल धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में नगरी विकासखंड में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ की गई है।
शिविर में पहुंचे नगरी जनपद के सीओ रोहित बोरझा ने बताया कि “गवर्नेंस ऑन व्हील्स” सरकार की डिजिटल इंडिया थीम पर आधारित एक अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य सरकारी सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। यह एक मोबाइल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करता है, जिसके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस मोबाइल वैन में पहचान पत्र, आधार कार्ड, वोटर आईडी, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन, सरकारी योजनाओं के सत्यापन और शिकायत निवारण जैसी सेवाओं के लिए नागरिक सीधे आवेदन कर सकते हैं।
दुगली पंचायत में आयोजित शिविर में मुनाईकेरा, जबर्रा, दुगली, कौव्हाबाहरा, गुहाननाला, बांधा और कोलियारी ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 58 आवेदन मोबाइल वैन के माध्यम से प्राप्त हुए, जिनमें से कई आधार अपडेट से संबंधित आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया।
शिविर में ग्रामीण एवं पंचायत विभाग के कर्मचारी बुधराम नेताम, मदन सेन, प्रीति दिवान, किरण वट्टी, देवदास, वीरेन्द्र साहू सहित स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, विद्युत आदि विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



