भारत नशा मुक्ति संदेश लेकर धमतरी के युवा तुलसीराम साहू साइकिल से हुए नागपुर रवाना

0


भारत नशा मुक्ति संदेश लेकर धमतरी के युवा तुलसीराम साहू साइकिल से हुए नागपुर रवाना

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर दी शुभकामनाएं



                            उत्तम साहू 

धमतरी, 11 नवम्बर 2025। धमतरी जिले के ग्राम पतेरापारा निवासी युवा तुलसीराम साहू ने समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के उद्देश्य से आज साइकिल यात्रा की शुरुआत की। वे धमतरी से नागपुर (महाराष्ट्र) के लिए रवाना हुए।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया और तुलसीराम के जुझारू एवं प्रेरणादायी प्रयास की सराहना की।

कलेक्टर मिश्रा ने तुलसीराम से आत्मीय बातचीत कर उनकी यात्रा संबंधी तैयारियों की जानकारी ली तथा सर्द मौसम को देखते हुए आवश्यक सामग्री और गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि, “आपका यह प्रयास पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। दृढ़ संकल्प और सामाजिक चेतना से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।”

उल्लेखनीय है कि तुलसीराम साहू इससे पूर्व भी साइकिल से छह राज्यों  छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब की यात्रा पूरी कर चुके हैं। उन्होंने इस दौरान 32 दिनों में लगभग 5200 किलोमीटर का सफर तय किया था। यह यात्रा उन्होंने 6 अप्रैल 2025 (रामनवमी) के अवसर पर माँ विंध्यवासिनी मंदिर धमतरी से प्रारंभ की थी, जिसका उद्देश्य था “नशे के खिलाफ जन-जागृति” फैलाना।

नशा विरोध की प्रेरणा : अनुभव से निकला अभियान

तुलसीराम ने बताया कि इस अभियान की प्रेरणा उन्हें व्यक्तिगत अनुभवों से मिली। उनके छोटे भाई की मानसिक स्थिति नशे की लत के कारण बिगड़ गई थी, जिससे वे गहराई से प्रभावित हुए। बचपन में भी उन्होंने कई बच्चों को नशे की चपेट में आते देखा था। इन घटनाओं ने उन्हें नशा मुक्ति के लिए समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा दी।

उन्होंने बताया कि नागपुर पहुंचने के बाद वे 16 नवम्बर को धमतरी वापस लौटेंगे।

इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पवन प्रेमी, समाज कल्याण विभाग की उप संचालक डॉ. मनीषा पाण्डे, सहित खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !