यात्रियों की सुरक्षा हेतु धमतरी पुलिस ने चलाया सघन जांच अभियान
उत्तम साहू
धमतरी, 11 नवम्बर 2025 यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शहर और राष्ट्रीय राजमार्गों पर संचालित यात्री बसों एवं अन्य सार्वजनिक वाहनों की सघन जांच की।
डीएसपी (ट्रैफिक) एवं ट्रैफिक इंचार्ज के नेतृत्व में किए गए इस अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने सभी यात्री वाहनों में लगे सुरक्षा उपकरणों — प्राथमिक उपचार पेटी (First Aid Box), अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) तथा आपातकालीन द्वार (Emergency Exit) की बारीकी से जांच की।
बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक बस में कम से कम दो अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखें, साथ ही वाहनों में ज्वलनशील पदार्थ जैसे पेट्रोल, डीज़ल, पटाखे या एलपीजी सिलेंडर का परिवहन बिल्कुल न करें।
इसके अतिरिक्त, आपातकालीन द्वार को हमेशा कार्यशील एवं खुली स्थिति में रखने तथा उसकी नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस ने चालकों और परिचालकों को पैनिक बटन, सुरक्षा हथौड़ी एवं लोहे की रॉड जैसे उपकरण रखने की सलाह दी, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा हेतु शीशे या खिड़की को तोड़ा जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस ने यह भी जागरूक किया कि सभी वाहन चालक व बस संचालक यातायात नियमों का पालन करें और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
यातायात पुलिस की अपील “सभी वाहन चालक एवं बस संचालक अपने वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से रखें तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल डायल 100, 112 या 108 पर सूचना दें।”
धमतरी यातायात पुलिस का उद्देश्य है “सुरक्षित यात्रा, सुरक्षित जीवन” सुनिश्चित करना।

