सीजीपीएससी में मल्हारी के चंद्रकांत का चमका सितारा
वित्त विभाग में सहायक संचालक पद पर हुआ चयन
उत्तम साहू
नगरी/धमतरी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा में धमतरी जिले के मल्हारी गांव के चंद्रकांत सोम ने उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। चंद्रकांत का चयन वित्त विभाग में सहायक संचालक के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है। उन्होंने यह सफलता कई वर्षों की कठिन मेहनत और दृढ़ संकल्प के बाद हासिल की है।
चंद्रकांत ने अपनी प्राथमिक शिक्षा मल्हारी से तथा हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी शिक्षा शा. उ. मा. वि. सिहावा से पूर्ण की। इसके पश्चात उन्होंने रायपुर के शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय से बीई (मेकैनिकल इंजीनियरिंग) की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने CGPSC की तैयारी वर्ष 2019 से आरंभ की थी, और चौथे प्रयास में सफलता प्राप्त करते हुए अनुसूचित जनजाति वर्ग में 9वां स्थान हासिल किया।
उनकी माता नर्मदा सोम वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के पद पर बिरगुड़ी क्षेत्र में पदस्थ हैं। चंद्रकांत ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार, शिक्षकों और मित्रों के सतत सहयोग को दिया है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा—
“हार मत मानिए, लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी।”
चंद्रकांत ने एक वर्ष दिल्ली में UPSC की तैयारी भी की, जिसने उनकी दृष्टि और तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनकी इस उपलब्धि पर गांव एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

