पत्नी ने की पति की हत्या, लाश सूटकेस में रखकर ट्रेन से भागी
रायपुर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आरोपिया गिरफ्तार
रायपुर/जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को सूटकेस में रख दिया और फरार होने के लिए ट्रेन पकड़ ली।
जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र में घटना घटित हुई। जब महिला के फरार होने की जानकारी मिली, तो जशपुर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपिया ट्रेन से बाहर राज्य की ओर भाग रही है।
जशपुर एसपी ने तत्काल रायपुर जीआरपी एसपी को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन का लोकेशन ट्रैक किया गया, जिससे पता चला कि संबंधित ट्रेन महाराष्ट्र के नासिक के पास पहुंचने वाली है।
रायपुर जीआरपी ने तुरंत आरपीएफ से संपर्क कर महिला की गिरफ्तारी के लिए अलर्ट जारी किया। तत्परता दिखाते हुए आरपीएफ की टीम ने मनमाड़ रेलवे स्टेशन पर महिला को हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, महिला अपने पति की लाश को सूटकेस में भरकर जशपुर में ही छोड़कर भागी थी। पुलिस ने मौके से शव को बरामद कर लिया है।
इस सनसनीखेज मामले में जशपुर पुलिस थोड़ी देर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्या के पीछे के कारणों और पूरी वारदात का खुलासा करने वाली है।
जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा मामला सुलझा, अब हत्या की गुत्थी सुलझाने की तैयारी।

