2025 की विदाई, 2026 की सशक्त शुरुआत: धमतरी में 844 करोड़ की धान खरीदी, किसानों को मिला भरोसे का संबल

0


2025 की विदाई, 2026 की सशक्त शुरुआत: धमतरी में 844 करोड़ की धान खरीदी, किसानों को मिला भरोसे का संबल


उत्तम साहू 

धमतरी, 31 दिसंबर 2025। पुराने वर्ष को विदा और नए वर्ष 2026 के स्वागत के साथ धमतरी जिला समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2025 किसानों के परिश्रम, प्रशासन की तत्परता और सुव्यवस्थित व्यवस्था का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है, वहीं नया वर्ष इन्हीं उपलब्धियों को और मजबूत करने के संकल्प के साथ प्रारंभ हो रहा है।

जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए कुल 74 सहकारी समितियों के माध्यम से 1,29,349 किसानों का पंजीयन किया गया है। इन किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 1,26,883.05 हेक्टेयर है। 15 नवंबर 2025 से अब तक 73,422 किसानों से 3,56,059.48 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसके एवज में 844.32 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है।

प्रशासन की प्रभावी कार्यप्रणाली का परिणाम यह रहा कि अब तक 68,808 किसानों को 751.93 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा चुका है। समयबद्ध भुगतान से किसानों को आर्थिक संबल मिला है और नए वर्ष को लेकर उनकी उम्मीदें और भी मजबूत हुई हैं।

नए साल के पहले दिन 01 जनवरी 2026 के लिए भी जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इस दिन 3,427 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 15,386.30 क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है। यह व्यवस्था नए वर्ष की शुरुआत को सुचारू, व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कस्टम मिलिंग के क्षेत्र में भी जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। अब तक 180 राइस मिलों का पंजीयन किया जा चुका है। इन मिलों को 8,85,424 मीट्रिक टन धान कुटाई की अनुमति दी गई है, जिसके अंतर्गत 7,41,456 मीट्रिक टन धान उठाव के लिए अनुबंधित किया गया है। अब तक 27,938.80 मीट्रिक टन धान का उठाव सफलतापूर्वक किया जा चुका है।

पुराने वर्ष की ये उपलब्धियां नए वर्ष 2026 के लिए मजबूत आधार सिद्ध हो रही हैं। जिला प्रशासन ने आने वाले समय में धान उपार्जन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, त्वरित और किसान हितैषी बनाने का संकल्प दोहराया है, ताकि किसानों का विश्वास बना रहे और उनकी मेहनत को समय पर उचित मूल्य मिलता रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !