अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, 4 मामलों में 511 कट्टा धान जब्त

0

 

अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, 4 मामलों में 511 कट्टा धान जब्त



          उत्तम साहू धमतरी, 24 दिसंबर 2025।

जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने अवैध धान भंडारण और व्यापार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में उड़नदस्ता दल और संयुक्त विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार प्रकरणों में कुल 511 कट्टा धान, लगभग 204.40 क्विंटल, जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले मामले में मगरलोड विकासखंड के बोडरा निवासी मोहन साहू के पास से 50 कट्टा धान (20.00 क्विंटल) अवैध रूप से संग्रहित पाया गया, जिस पर मंडी अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं नगरी मंडी के उड़नदस्ता दल ने बेलरगांव स्थित लोकेश ट्रेडर्स में जांच के दौरान 114 कट्टा धान (45.60 क्विंटल) अवैध पाए जाने पर उसे जब्त कर फर्म संचालक लोकेश कुमार देवांगन की सुपुर्दगी में रखा।

इसी दिन भूरसीडोंगरी स्थित फर्म महेन्द्र कुमार साहू के यहां भी जांच की गई, जहां 82 कट्टा धान (32.80 क्विंटल) अवैध पाए गए। इसके अलावा राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने अर्जुनी स्थित सावित्री धान कुटाई उद्योग का भौतिक सत्यापन किया, जहां स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर 265 कट्टा धान जब्त किया गया।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने इस कार्रवाई को किसानों के हित में जरूरी बताते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था की पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी अधिनियम 1972 के उल्लंघन पर दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग को आपसी समन्वय के साथ नियमित निरीक्षण और आकस्मिक जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उड़नदस्ता दल को संदिग्ध गोदामों, राइस मिलों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

प्रशासन ने आम नागरिकों और किसानों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध धान खरीदी या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शासन की योजनाओं का लाभ सही पात्र किसानों तक पहुंचाया जा सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !