छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठिठुरन, अगले 3 दिन और लुढ़केगा पारा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड ने अब अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। खासकर उत्तर–मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।
IMD के अनुसार दुर्ग जिले के एक–दो स्थानों पर पहले ही शीतलहर का असर देखने को मिला है। बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।
राजधानी रायपुर में दिन का तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है, वहीं रात का तापमान गिरकर 12.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिन में हल्के बादल छाए रहे और शाम होते ही ठंड का एहसास बढ़ गया। हवा की रफ्तार भी बेहद कम, करीब 2 किमी प्रति घंटा रही।
मौसम विभाग ने बताया कि 25 दिसंबर को रायपुर में सुबह के समय कुहासा छाए रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बारिश नहीं, मौसम रहेगा शुष्क
पूरे प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। आने वाले एक से दो दिनों तक भी बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से ठंड को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।

