हादसों का काला रविवार: जिले में 5 लोगों की मौत, दो ने की आत्महत्या, दो की सड़क दुर्घटना एवं एक की डूबने जान गई
उत्तम साहू
धमतरी। रविवार का दिन जिले के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुआ। कुछ ही घंटों के भीतर धमतरी और आसपास के क्षेत्रों में पाँच लोगों की मौत हो गई। इनमें दो लोगों ने आत्महत्या की, दो की सड़क दुर्घटना में मौत हुई, जबकि नहर में डूबने से एक युवक की जान चली गई।
8 वीं की छात्रा ने की आत्महत्या
सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम सांरगपुरी में 13 वर्षीय छात्रा संतिका साहू ने रविवार रात आत्महत्या कर ली। वह आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। पिता परमेश्वर साहू रविवार शाम अपनी पत्नी के साथ ससुराल गए थे। रात करीब 10:25 बजे बड़े भाई ने फोन कर पिता को सूचना दी कि संतिका ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया है। उसे तत्काल नरहरपुर होते हुए धमतरी के निजी अस्पताल लाया गया, जहाँ रात 12:15 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं है।
इमली पेड़ में फांसी लगाकर युवक ने दी जान
अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम सरसोपुरी निवासी 25 वर्षीय रविंद्र कुमार यादव ने रविवार रात अपने घर के पास बाड़ी में लगे इमली पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सोमवार सुबह परिजनों की नजर पड़ने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। आत्महत्या का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अनियंत्रित वाहन की टक्कर से राइस मिल मजदूर की मौत
भखारा। नगर पंचायत भखारा के कोलियारी मोड़ के पास रविवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से राइस मिल में काम करने वाले मजदूर की मौत हो गई।
अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान एकेश्वर मंडावी (18 वर्ष) पिता हेमलाल, निवासी सोनईडोंगरी थाना गुरूर के रूप में हुई है। वह भखारा स्थित अन्नपूर्णा राइस मिल में काम करता था।
रविवार की रात वह अपने दो साथियों के साथ भखारा से चावल लेकर लौट रहा था। लगभग रात 11 बजे कोलियारी मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। तीनों घायल मजदूरों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ रात 11:45 बजे डॉक्टरों ने एकेश्वर को मृत घोषित कर दिया।
नहर में अनियंत्रित बाइक हादसा: एक युवक की मौत, एक घायल
नरहरपुर नाला के पास रविवार को अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें एक युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना में मृतक की पहचान कुमेंद्र मंडावी (38 वर्ष) निवासी ग्राम डुमरपानी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कुमेंद्र रविवार को अपने साथी रामसिंह के साथ दशगात्र निमंत्रण देने नरहरपुर गया था। लौटते समय नरहरपुर नाला के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दोनों को पहले नरहरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें धमतरी के श्रीराम अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने रात 10 बजे कुमेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामसिंह का इलाज जारी है।
एक अन्य घटना में रायपुर से घूमने आए युवक की नरहरा जल प्रपात में डूबने से मौत हो गई

