पूर्व छात्र सम्मेलन में उमड़ा उत्साह, 70 पूर्व छात्रों ने साझा किए अनुभव

0

 पूर्व छात्र सम्मेलन में उमड़ा उत्साह, 70 पूर्व छात्रों ने साझा किए अनुभव

श्रृंगी ऋषि विद्यालय, नगरी में 12 वीं 1998 बैच का भव्य एलुमनाई मीट 2.0 आयोजित


उत्तम साहू 

नगरी। पीएमश्री शासकीय श्रृंगी ऋषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नगरी में श्रृंगी ऋषि ‘प्रयास’ 1998 बैच द्वारा पूर्व छात्र-छात्राओं का मिलन समारोह एलुमनाई मीट 2.0 उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पूर्व छात्रों ने न केवल अपनी स्मृतियां ताजा कीं, बल्कि गीत-संगीत और खेल गतिविधियों के माध्यम से पुराने दिनों को भी जीवंत कर दिया।



इस अवसर पर नगरी-सिहावा क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की पहचान और वर्तमान विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम एवं पूर्व विधायक श्रीमती पिंकी शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार प्रजापति ने की। वहीं शैक्षिक सत्र 1957-58 के छात्र, 82 वर्षीय सेवानिवृत्त प्रधान पाठक परसादी राम चंद्रवंशी एवं नगर पंचायत नगरी की गणमान्य नागरिक प्रतिमा देवांगन विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहीं।



एलुमनाई मीट में बालाघाट, हैदराबाद, श्रीनगर, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग एवं नगरी सहित विभिन्न स्थानों से आए कुल 70 पूर्व छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सभी ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा किए और विद्यालय से मिली शिक्षा को जीवन की सफलता का आधार बताया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि इस विद्यालय से उत्तीर्ण छात्र आज शिक्षक, चिकित्सक, वैज्ञानिक, रेंजर, पुलिस अधिकारी, इंजीनियर एवं सफल व्यवसायी बनकर विद्यालय और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों की मांग पर विद्यालय में बंद कृषि एवं कला संकाय को पुनः संचालित कराने का आश्वासन भी दिया।

पूर्व विधायक पिंकी शाह ने एलुमनाई मीट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक उत्सव है, जो जीवनभर यादगार रहता है।


समारोह के अंत में अतिथियों एवं प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में आत्मीयता, उत्साह और गौरव का भाव स्पष्ट रूप से झलकता रहा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !