नगरी में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों हेतु द्वितीय चरण स्वास्थ्य परीक्षण एवं प्रमाणीकरण आकलन शिविर आयोजित
उत्तम साहू
नगरी/ शासन के निर्देशानुसार आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को विकासखंड नगरी, जिला धमतरी में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए द्वितीय चरण स्वास्थ्य परीक्षण एवं प्रमाणीकरण आकलन शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर दिव्यांग बच्चों की पहचान, स्वास्थ्य परीक्षण, प्रमाणन तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
शिविर में जिला एवं विकासखंड स्तर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का गंभीरता से परीक्षण कर उनकी दिव्यांगता का आकलन किया। इस दौरान बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
शिविर में कुल 66 लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिसमें 30 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे,23 पालक/अभिभावक,13 शिक्षक शामिल रहे। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्चों में 6 सिकल सेल,3 मानसिक मंदता,1 बहु दिव्यांगता के प्रकरण चिन्हित किए गए।
इस अवसर पर 6 बच्चों के दिव्यांग प्रमाण पत्र का नवीनीकरण किया गया, वहीं 5 बच्चों के नवीन दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनाए गए, जिससे वे शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
शिविर में उपस्थित दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक सामग्री भी प्रदान की गई, जिससे उनके दैनिक जीवन एवं शिक्षा में सुविधा मिल सके। साथ ही, शिविर में आए सभी बच्चों एवं उनके पालकों को यात्रा भत्ता का भुगतान किया गया, जिससे उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी न हो।
आयोजन के दौरान उपस्थित सभी बच्चों, पालकों एवं शिक्षकों के लिए चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था भी की गई, जिससे वातावरण सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक बना रहा।
शासन की इस पहल से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों एवं उनके परिवारों में सकारात्मक संदेश गया है। इस प्रकार के शिविर न केवल बच्चों के अधिकारों को सुनिश्चित करते हैं, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

