सीजीपीएससी टॉपर्स का नगरी आगमन, प्रतियोगी परीक्षा के छात्रों को देंगे मार्गदर्शन
उत्तम साहू
नगरी। अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ, तहसील साहू समाज नगरी के तत्वावधान में दिनांक 21 दिसंबर 2025, रविवार को साहू सदन नगरी में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 11.00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले समाज के होनहार अधिकारी इस दौरान प्रतियोगी परीक्षा के विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर सीजीपीएससी में प्रथम स्थान प्राप्त श्री देवेश कुमार साहू (डिप्टी कलेक्टर), श्री गौरव कुमार साहू (सहायक संचालक, ग्रामीण विकास विभाग), कु. वैभवी साहू (सहायक संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग) तथा श्री चंद्रभान साहू (आबकारी उप निरीक्षक) विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। ये सभी अधिकारी अपने संघर्ष, अनुशासन और सतत अध्ययन के अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कैसे करें, इस विषय पर विस्तृत एवं सारगर्भित प्रेरणात्मक भाषण देंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं एवं प्रतियोगी छात्रों को सही दिशा, रणनीति और आत्मविश्वास प्रदान करना है, ताकि वे भी प्रशासनिक एवं अन्य उच्च पदों पर चयनित होकर समाज और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। टॉपर्स द्वारा परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, विषय चयन, निरंतर अभ्यास और मानसिक दृढ़ता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ तहसील साहू समाज नगरी द्वारा सभी अतिथियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त प्रतियोगी परीक्षा के विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम का लाभ उठाने की अपील की है।
उक्त कार्यक्रम की जानकारी अध्यक्ष लोमश साहू सहित पदूम साहू, यशपाल साहू, के.पी. साहू, लोचन साहू, भूषण साहू, विजय साहू, थम्मन साहू, पवन साहू, दूधेश्वर साहू, उपेंद्र साहू, लक्ष्मीकांत एवं दिनेश साहू द्वारा संयुक्त रूप से दी गई।
यह आयोजन निश्चित रूप से नगरी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

