शासकीय प्राथमिक शाला साहनीखार में हर्षोल्लास के बीच बाल मेला उत्सव सम्पन्न
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
उत्तम साहू
नगरी/ शासकीय प्राथमिक शाला साहनीखार में बाल मेला उत्सव बड़े उत्साह और उमंग के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों द्वारा लगाई गई विभिन्न दुकानों का अवलोकन किया, बच्चों से हार्दिक संवाद किया, उनसे वस्तुएं खरीदी और मेले में परोसे गए स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी लिया। साथ ही, उन्होंने ग्रामवासी और विद्यार्थियों को भी प्रसन्नचित्त होकर व्यंजन खिलाए।
मुख्य अतिथि श्री अरुण सार्वा ने बाल मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होता है। इससे बच्चों को व्यापारिक समझ और आर्थिक व्यवहार की जानकारी मिलती है, साथ ही अध्ययन के साथ मनोरंजन का भी अवसर प्रदान होता है। उन्होंने शाला प्रबंधन समिति के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय परिसर में अहाता निर्माण की मांग के शीघ्र समाधान की आशा व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हायर सेकेंडरी स्कूल बिरगुड़ी के प्राचार्य श्री मोहन कुर्रे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि सभापति एवं जनपद सदस्य श्री पन्नालाल मरकाम, सरपंच लटियारा श्री रुपेश कुमार ध्रुव, भाजपा मंडल बेलरगांव के महामंत्री श्री दीपक साहू सहित अनेक गणमान्य व्यक्तिगण उपस्थित थे। साथ ही, प्रधान पाठक सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और ग्रामवासी भी इस उत्सव में सम्मिलित हुए।
बाल मेले में बच्चों ने खाद्य सामग्री, हस्तनिर्मित वस्तुएँ और रचनात्मक प्रदर्शनी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। इस आयोजन की सफलता में विद्यालय परिवार और ग्राम वासियों की सक्रिय भूमिका रही, जिसने मेले को यादगार और आनंदमय बना दिया।




