पति–पत्नी की मौत से दहला शहर: पहले पत्नी की हत्या, फिर पति ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान
रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। चंडी नगर निवासी राजन गुप्ता ने किसी घरेलू विवाद के बीच अपनी पत्नी रेखा गुप्ता की हत्या कर दी। वारदात के कुछ ही समय बाद राजन खुद भी घर से निकलकर ट्रेन के सामने कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने राजन गुप्ता के शव के पास से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद किया है, लेकिन उसमें क्या लिखा है, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। दंपती की अचानक हुई मौत से इलाके में शोक और दहशत दोनों का माहौल है। पड़ोसी भी इस घटना को लेकर सदमे में हैं और कारणों को लेकर तरह–तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

