पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, वैशाली पंकज राजपाल ने बच्चों को पिलाई दवा
पाली। नगर पंचायत पाली में पल्स पोलियो अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाली में भव्य रूप से किया गया। अभियान का उद्घाटन पूर्व उपाध्यक्ष नगर पंचायत पाली वैशाली पंकज राजपाल एवं पार्षद दीप्ति दीपक शर्मा के मुख्य आतिथ्य में नन्हे बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल सराफ, डॉ. तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वैशाली पंकज राजपाल ने पल्स पोलियो अभियान के सफल शुभारंभ पर स्वास्थ्य विभाग को बधाई दी और आमजन व जनप्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सुदृढ़ कार्ययोजना के साथ कार्य करने पर उन्होंने जोर दिया।
उन्होंने बताया कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान अत्यंत आवश्यक है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों एवं हाट-बाजारों में भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की विशेष व्यवस्था की गई है, जो सराहनीय कदम है। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे, इसके लिए टीमों का गठन कर घर-घर संपर्क किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया तथा अभिभावकों से अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की गई।

