धर्मांतरण के विरोध में हिंदू संगठनों का आह्वान पर, नगरी पूरी तरह बंद
पुलिस प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था बनाए रखने पेट्रोलिंग
उत्तम साहू
नगरी। धर्मांतरण के विरोध में हिंदू संगठनों द्वारा किए गए आह्वान पर बुधवार को नगरी नगर पूरी तरह बंद रहा। बंद का असर सुबह से ही देखने को मिला। नगर के अधिकांश दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान, बाजार और निजी संस्थान स्वेच्छा से बंद रहे। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही।
हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में जबरन और प्रलोभन देकर धर्मांतरण की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसके विरोध में यह बंद बुलाया गया था। संगठनों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। नगरी थाना प्रभारी चक्रधर बाघ अपने पुलिस स्टाफ के साथ नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और बाजार क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करते नजर आए। पुलिस बल द्वारा हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
थाना प्रभारी चक्रधर बाघ ने बताया कि नगर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
बंद के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की हिंसा या तोड़फोड़ की सूचना नहीं मिली। नगर में शांति का माहौल बना रहा। आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहीं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार से कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग किया।

