स्ट्रीट फ़ूड की सुरक्षा सुनिश्चित करने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

0

 

स्ट्रीट फ़ूड की सुरक्षा सुनिश्चित करने जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
मगरलोड में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच: 70 में 66 नमूने मानक पाए गए



उत्तम साहू 

धमतरी, 6 दिसंबर 2025। मगरलोड ब्लॉक के फ़ूड पॉइज़निंग प्रभावित क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने जिला प्रशासन द्वारा तत्काल और प्रभावी कदम उठाए गए। अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन धमतरी की पहल पर रायपुर संभाग मुख्यालय से चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को धमतरी बुलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री फणेश्वर पिथौरा ने टीम के साथ स्ट्रीट फ़ूड वेंडर्स का सघन निरीक्षण कर मौके पर ही विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान करीब 70 खाद्य नमूनों की ऑन-द-स्पॉट टेस्टिंग की गई, जिनमें से 66 नमूने मानक स्तर के पाए गए। वहीं 4 नमूने अवमानक पाए जाने पर संबंधित खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इन अवमानक नमूनों में आलू मसाले में कृत्रिम रंग का उपयोग, सड़े हुए संतरे का उपयोग, बालूशाही और समोसे में सड़क की धूल की मौजूदगी शामिल रही।

सभी अवमानक खाद्य पदार्थ नष्ट कर विक्रेताओं को कड़ी हिदायत और आवश्यक निर्देश दिए गए।

टीम ने स्ट्रीट फ़ूड विक्रेताओं को 
• खाद्य पदार्थ नियंत्रित तापमान में रखने,
• भोजन परोसते समय अखबार के कागज का उपयोग न करने,
• व्यक्तिगत स्वच्छता और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने,
• तथा केवल ताज़ी सामग्री के उपयोग के निर्देश दिए।

अभिहित अधिकारी श्री सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 8 से 12 दिसंबर तक चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला जिले में भ्रमण करेगी। इस दौरान जिला मुख्यालय सहित सभी तीनों ब्लॉकों में संध्याकालीन स्ट्रीट फ़ूड का आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा और मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच होगी। मानक स्तर पर खरा न उतरने वाले खाद्य पदार्थों एवं विक्रेताओं पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !