दो बाईकों में भीषण टक्कर : शिक्षक की मौत, तीन गंभीर घायल
स्थानीय लोगों की सूझबूझ से घायलों को मिली समय पर मदद
उत्तम साहू
धमतरी। गागरा पुल के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोटगांव निवासी शिक्षक हेमंत नेताम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक हेमंत नेताम संबलपुर में रिश्तेदार के नहवान कार्यक्रम में शामिल होकर सरिता नेताम (निवासी छाती) के साथ बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक, जिस पर दिलेश्वर कोसले और जामिनी कंवर (29) सवार थे, गागरा पुल के पास अनियंत्रित होकर भिड़ गई।
टक्कर होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना रेडक्रॉस के शेखर साहू ने तत्काल रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन एवं वरदान एंबुलेंस सेवा के शिवा प्रधान को दी। इसके बाद पप्पू साहू, सोनू साहू, खिलावन साहू, अमन साहू, राजेंद्र चंद्राकर सहित आसपास के ग्रामीणों और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने मिलकर घायलों को तेजी से अस्पताल पहुँचाया।
घायलों को धमतरी के एकता हॉस्पिटल और DCH में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक का शव जिला अस्पताल भिजवा दिया गया।
स्थानीय लोगों की त्वरित मदद और टीमवर्क से घायलों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

