महानदी अकैडमी नगरी में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ..समापन 7 दिसम्बर को
उत्तम साहू
नगरी, 5 दिसम्बर। महानदी अकैडमी नागरी में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2025–26 का शुभारंभ गुरुवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। खेल महोत्सव की शुरुआत मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय ने दीप प्रज्वलन कर की। विशेष अतिथि के रूप में प्रभारी सहायक खेल अधिकारी जे. पी. देव और एसडीओपी विपिन रंगारी उपस्थित रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि श्री पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि “खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित करते हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को खेलों में सक्रिय रहना चाहिए।” विशेष अतिथियों ने भी विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन की गरिमामयी उपस्थिति रही। निदेशक मंडल के मोहन नाहटा, अजय छाजेड़, निकेश्वर ठाकुर, अहमद रज़ा और शशांक सलाम मौजूद रहे। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य शिव कुमार साहू के नेतृत्व में किया गया।
पहले दिन की प्रतियोगिताएँ
खेलकूद प्रतियोगिता के पहले दिन अनेक आकर्षक इवेंट आयोजित किए गए। 100 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में तेज प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जबकि 200 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग) में छात्राओं का आत्मविश्वास और प्रदर्शन सराहनीय रहा। लंबी कूद, फुटबॉल लीग मैच और प्राथमिक वर्ग की लेमन–स्पून एवं सैक रेस का बच्चों और दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। विशेषकर नन्हे बच्चों की प्रतियोगिताओं ने मैदान में खुशी का माहौल बना दिया।
अभिभावकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा। खेल मैदान पूरे दिन तालियों, उत्साह और खेल भावना से गूंजता रहा।
निदेशक मंडल एवं प्राचार्य ने पहले दिन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि अगले दो दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले होंगे। तीन दिवसीय खेल महोत्सव का समापन 7 दिसम्बर (रविवार) को किया जाएगा।
पहला दिन उत्साह, ऊर्जा और उत्कृष्ट प्रदर्शन का गवाह बना तथा खिलाड़ियों के जोश ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

