धमतरी में कलेक्टर व एसपी का फ्लैग मार्च, नववर्ष को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उत्तम साहू
धमतरी | 31 दिसंबर 2025 नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर धमतरी जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा, जिससे नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। प्रशासन का उद्देश्य नववर्ष के अवसर पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकते हुए शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना रहा।
शहरभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था
नववर्ष को देखते हुए जिले में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नाकेबंदी प्वाइंट बनाए गए हैं। होटल, रिसॉर्ट, वाटिका, गार्डन एवं अन्य आयोजन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही फिक्स पिकेट, लगातार मोबाइल पेट्रोलिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
यातायात पर सख्ती, ब्रेथ एनालाइजर से जांच
यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। नशे में वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। ओवरस्पीड, स्टंट और रेसिंग पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपलिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जाम की स्थिति से बचने के लिए यातायात मार्गों को व्यवस्थित किया गया है।
डीजे और ध्वनि नियमों का सख्त पालन
नववर्ष के अवसर पर डीजे और ध्वनि नियंत्रण नियमों को सख्ती से लागू किया गया है। निर्धारित समय सीमा के बाद डीजे बजाना प्रतिबंधित रहेगा। ध्वनि स्तर तय मानकों के अनुरूप रखना अनिवार्य होगा। वाहनों में डीजे लादकर चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। नियमों के उल्लंघन पर डीजे की जप्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई
धमतरी पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों एवं गुंडा-बदमाशों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरंतर प्रतिबंधात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
कलेक्टर व एसपी के निर्देश
कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए। नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निरंतर गश्त और होटल व पार्टी स्थलों पर नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस की जनता से अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें, शांति व सद्भाव बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
नववर्ष की शुभकामनाएं
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा और एसपी श्री सूरज सिंह परिहार ने जिलेवासियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी से नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित व संयमित तरीके से नववर्ष मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मणिशंकर चन्द्रा, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीएसपी श्री यशकरण दीप ध्रुव, एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, रक्षित निरीक्षक श्री दीपक शर्मा, थाना प्रभारी सहित प्रशासन एवं पुलिस का अमला शामिल रहा।

