कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गौधामों का किया निरीक्षण
नस्ल सुधार से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर
उत्तम साहू
धमतरी, 14 दिसंबर 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले के ग्राम पूरी एवं कन्हारपुरी स्थित गौधामों का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गौवंश संरक्षण, नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं गौधाम प्रबंधन से विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गौधामों में रखे गए पशुओं की नस्ल, स्वास्थ्य स्थिति, चारा प्रबंधन तथा नियमित देखरेख के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नस्ल सुधार कार्यक्रमों के अंतर्गत किए जा रहे कृत्रिम गर्भाधान, उन्नत नस्लों के संरक्षण एवं स्थानीय नस्लों की उत्पादक क्षमता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धतियों से नस्ल सुधार कर दुग्ध उत्पादन में वृद्धि की जा सकती है, जिससे पशुपालकों की आय में निरंतर सुधार संभव है।
कलेक्टर ने दुग्ध उत्पादन की वर्तमान स्थिति, दूध संग्रहण एवं सहकारी समितियों के माध्यम से दूध विक्रय की व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने समितियों के माध्यम से पारदर्शी एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि पशुपालकों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त हो सके। साथ ही पशुपालकों को पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं, टीकाकरण कार्यक्रमों एवं पशु स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. डी.के. मरकाम ने गौधामों में संचालित गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी दी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने गौधामों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गोबर से जैविक खाद एवं अन्य गौ-आधारित उत्पादों के निर्माण को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे न केवल गौधामों की आय बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा गौधामों को आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।


