ट्यूबलर पोल स्थापना हेतु विधायक ने किया भूमि पूजन, वार्ड को मिलेगी रात्रिकालीन रोशनी की सुविधा
उत्तम साहू
नगरी (छत्तीसगढ़)। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 1 स्थित शीतला मंदिर के समीप नव-निर्मित बीटी सड़क के बाद अब क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं की एक और सौगात मिलने जा रही है। वार्ड में ट्यूबलर पोल स्थापना कार्य का विधिवत भूमि पूजन सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
यह कार्य नगर पंचायत नगरी के वार्ड पार्षद राजा पवार के विशेष प्रयासों से स्वीकृत हुआ है। लगभग 45 हजार रुपये की लागत से 16 नग ट्यूबलर पोल लगाए जाएंगे, जो शीतला मंदिर से ब्राह्मण समाज के सामुदायिक भवन तक स्थापित किए जाएंगे। इस परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्रवासियों को रात्रिकालीन अंधेरे की समस्या से निजात मिलेगी और सड़क मार्ग पूरी तरह से रोशन रहेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवराज शाह, श्रवण मरकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा सहित नगर पंचायत के सभी सभापति एवं पार्षदगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
विधायक अंबिका मरकाम ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क निर्माण के बाद प्रकाश व्यवस्था का होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को रात्रि में आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
भूमि पूजन के अवसर पर नगर पंचायत नगरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) यशवंत वर्मा, उप अभियंता परमेश ध्रुव, दुर्गेश साहू, राजेंद्र साहू, राजस्व विभाग के अधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर दुर्गेश साहू, ईश्वर कुलदीप, पुष्कर पाटिल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
स्वीकृति मिलने के पश्चात संबंधित ठेकेदार द्वारा कार्य प्रारंभ किए जाने से पहले विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की सुरक्षा, सुविधा और सौंदर्य में वृद्धि होगी।

