🔴 महिला टीआई पर महिलाओं का हमला, बेहोश होने तक लात-घूंसे पीटे
गाड़ियां फूंकी गईं, गांव में तनाव, 35 गिरफ्तार
रायगढ़। तमनार ब्लॉक के धौराभाठा गांव में शनिवार को हालात उस वक्त बेकाबू हो गए, जब जिंदल उद्योग को आवंटित गारे-पेलमा सेक्टर-1 कोल ब्लॉक के विरोध में जुटे ग्रामीणों का आक्रोश हिंसा में बदल गया। सीएचपी चौक पर चल रहा धरना अचानक उग्र हो गया और पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिसमें कई जवान घायल हो गए। हालात उस समय और बिगड़ गए, जब आक्रोशित महिलाओं के एक समूह ने मौके पर मौजूद टीआई कमला पुसाम को घेर लिया और लात-घूंसे बरसाने लगे। हमले में टीआई गंभीर रूप से घायल हो गईं और कुछ देर के लिए बेहोश हो गईं।
भीड़ का गुस्सा यहीं नहीं थमा। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी की बस समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ की और कुछ गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। आगजनी और हिंसा से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने अब तक 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया है और अन्य की तलाश जारी है।
प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, लेकिन क्षेत्र में तनाव अब भी बरकरार है।
