ग्राम सेमरा में चाकू से युवक की निर्मम हत्या… रातभर आतंक मचाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। रविवार रात ग्राम सेमरा बी दोनर में नशे में धुत बदमाशों ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरा क्षेत्र दहशत में आ गया। गाली-गलौज का विरोध करना 23 वर्षीय युवक रोहित कुमार नाग को इतना भारी पड़ा कि पांच गुंडों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली।
रोहित कांकेर जिले के ठेलकाबोड़ का निवासी था और अपनी मौसी के घर काम करने आया था। रविवार रात करीब 9:30 बजे जब कुछ युवक घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे, रोहित बाहर निकल कर उन्हें रोकने गया—बस यही उसकी जिंदगी की आखिरी गलती साबित हुई।
जैसे ही रोहित दरवाजे पर आया, बाइक में सवार पांचों लड़कों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। एक युवक कटा लहराते हुए लगातार धमकाता रहा। आरोपियों में ग्राम दोनर का चंद्रशेखर भी शामिल बताया गया है। रोहित के मौसेरे भाई यादराम ढीमर ने बताया कि दोनों अभी कुछ देर पहले ही कुरूद मंडी से काम करके लौटे थे और खाना खा रहे थे कि अचानक बाहर हंगामा शुरू हो गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल रोहित को धमतरी मसीही अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान रात 2 बजे उसने दम तोड़ दिया।
रातभर की गुंडागर्दी..एक ही गैंग ने तीन जगह मचाया आतंक
सूत्रों के मुताबिक हत्या से पहले यही आरोपी बोरसी में मारपीट, सिवनी में हवाई फायरिंग और चाकू लहराते हुए लोगों को धमका रहे थे। फिर सेमरा में रोहित पर जानलेवा हमला कर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
लगातार घटनाओं से अलर्ट हुई पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो की तलाश जारी है। जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी नशे की हालत में दहशत फैला रहे थे।
गांव में इस सनसनीखेज वारदात के बाद दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द ही बाकी आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

