“कमार जनजाति के लिए बनाए जा रहे मसान डबरा मॉडल कॉलोनी का निरीक्षण

0


“कमार जनजाति के लिए बनाए जा रहे मसान डबरा मॉडल कॉलोनी का निरीक्षण”

अध्यक्ष–उपाध्यक्षों ने बताया जनहित में महत्त्वपूर्ण कदम

मॉडल कॉलोनी का निर्माण कमार समुदाय के लिए एक सुरक्षित, और बेहतर जीवनस्तर प्राप्त होगा


उत्तम साहू 

नगरी/ धमतरी- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित जिला पंचायत अध्यक्ष–उपाध्यक्ष प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत राज्यभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने नगरी विकासखंड के मसान डबरा में कमार जनजाति के लिए निर्माणाधीन मॉडल कॉलोनी का निरीक्षण किया। कमार समुदाय को अति विशेष पिछड़ी/विशेष रूप से असुरक्षित जनजाति के रूप में चिन्हित किया गया है, जो मुख्यतः धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद क्षेत्र में निवास करती है।


निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कॉलोनी में चल रहे निर्माण कार्य, आवासों के स्वरूप, बुनियादी सुविधाओं और आसपास के विकास कार्यों का जायजा लिया। सभी अध्यक्ष–उपाध्यक्षों ने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि कमार जनजाति के लिए सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं स्थायी आवास उपलब्ध कराना जनहित में महत्त्वपूर्ण कदम है, जिससे समुदाय की जीवन गुणवत्ता में सुधार होगा।


जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मॉडल कॉलोनी जैसी योजनाएँ कमार समाज सहित अन्य विशेष पिछड़ी जनजातियों के सामाजिक–आर्थिक सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित हो सकती हैं। उनके अनुसार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल और रोजगार जैसी सुविधाएँ सुलभ होंगी और समुदाय मुख्यधारा से बेहतर रूप से जुड़ सकेगा।


मौके पर जनपद पंचायत नगरी के सीईओ रोहित बोरझा, सरपंच सांकरा नागेन्द्र बोरझा, सचिव मदन सेन, खेमेन्द्र साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष की धर्मपत्नी सोम साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि मसान डबरा क्षेत्र में कमार परिवारों के लिए स्थायी मकानों, आंगनबाड़ी, सामुदायिक भवन और बुनियादी ढांचे का विकास चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि कॉलोनी जल्द से जल्द बसाहट के रूप में विकसित हो सके।



Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !