नुनेरा में तुलसी पूजन दिवस पर निकली भव्य शोभा यात्रा, धर्म-जागरण का संदेश
नुनेरा/ 25 दिसंबर 2025 तुलसी पूजन दिवस के पावन अवसर पर गुरुवार को ग्राम नुनेरा में भव्य तुलसी शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए ग्राम भ्रमण पर निकली, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे गांव में धार्मिक वातावरण बना रहा।
शोभा यात्रा के पश्चात श्री तुलसी जी, श्रीराम, श्रीशिव एवं श्रीहनुमान जी की विधिवत आरती-पूजन किया गया। इसके बाद हवन कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में हिंदू समाज को धर्म एवं संस्कृति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, कोरबा विभाग से वक्ता श्री संतोष टंडन विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए संघ की शाखाओं से जुड़ने का आह्वान किया तथा धर्म, राष्ट्र और समाज के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल पाली के महामंत्री श्री तारकेश्वर पटवा एवं धर्मसेना नुनेरा के श्री दीपक पटेल ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने हिंदू समाज से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा करते हुए सामाजिक एकता और जागरूकता पर बल दिया।
आयोजकों ने घोषणा की कि ग्राम नुनेरा में तुलसी पूजन दिवस का यह कार्यक्रम अब प्रत्येक वर्ष 25 दिसंबर को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में धर्मसेना नुनेरा, मातृ शक्ति नुनेरा के सभी सदस्य, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।

