नशे के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान, अवैध शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू
धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में नशे के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धमतरी पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध शराब बिक्री करने वाले तथा शराब सेवन के लिए साधन उपलब्ध कराने वालों पर कड़ी कार्रवाई की है।
पहली कार्रवाई चौकी बिरेझर पुलिस द्वारा की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कचना स्थित कश्यप ढाबा एवं रेस्टोरेंट के अहाते में अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए संग्रहित की गई है। सूचना पर तत्काल दबिश देते हुए पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की। आरोपी के कब्जे से देशी मसाला शराब के 26 पौवा (कीमत लगभग 2,600 रुपये) और गोल्डन गोवा के 8 पौवा (कीमत लगभग 960 रुपये) बरामद किए गए। कुल 3,560 रुपये मूल्य की शराब जब्त की गई। इस मामले में चौकी बिरेझर में अपराध क्रमांक 343/25 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी रविशंकर कश्यप (49 वर्ष), निवासी विन्ध्यवासिनी वार्ड धमतरी, हाल निवासी ग्राम कचना, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दूसरी कार्रवाई थाना कुरूद पुलिस द्वारा की गई। कुरूद क्षेत्र के कॉलेज रोड नहर पार इलाके में पुलिस ने तीन अलग-अलग चखना ठेलों पर दबिश देकर शराब पीने के साधन उपलब्ध कराते हुए तीन लोगों को रंगे हाथ पकड़ा। तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण यादव (35 वर्ष), लक्ष्मण देवांगन (28 वर्ष) और नेमीचंद साहू (47 वर्ष) शामिल हैं, जो कुरूद क्षेत्र के निवासी हैं।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और अवैध शराब या मादक पदार्थों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।


